9 शादियां हुईं फेल..10वीं से की लव मैरिज, फिर तेल-चावल के लिए पत्थर से कुचल दिया सिर!

News Desk
4 Min Read

एक शख्स जिसकी 9 पत्नियां उसे छोड़कर जा चुकी थीं, उसने अपनी 10वीं पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह, इतनी मामूली कि आप सुनकर सिर पकड़ लेंगे। क्या एक शख्स जिसकी 9 शादियां फेल हो गई हों, वो अपनी 10वीं पत्नी की हत्या कर सकता है? वो भी बहुत ही मामूली सी बात पर? धुला राम नाम का शख्स एक ऐसा ही इंसान है, जिसने अपनी 10वीं पत्नी की हत्या कर दी और फिर उसकी लाश को जंगल में छिपा दिया।
क्राइम स्टोरी में आज हम छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की ऐसी ही हैरानी करने वाली घटना से रूबरू होने जा रहे हैं। यहां के जंगलों में पत्तों
में छिपी एक महिला की लाश मिली। पुलिस ने जांच शुरू की तो स्थानीय लोगों की छोड़िए..खुद पुलिस भी हैरान रह गई। इस एक घटना घरेलू हिंसा की एक पूरी कड़ी को खोलकर रख दिया।
10वीं बार बना दूल्हा
धुला राम जशपुर के सुलेसा गांव का रहने वाला था। उसका बर्ताव ऐसा था कि कोई भी महिला उसके साथ रहने को तैयार नहीं थी। घर बसाने की चाहत में उसने 10 साल में 9 बार शादियां की, लेकिन एक भी नहीं टिकी। हर बार पत्नी उसे छोड़कर चली गई। वो पत्नी पर शक करता, मारता पीटता। उसकी कोई भी शादी 6 महीने से ज्यादा नहीं टिकी। आखिरकार उसकी जिंदगी में 10वीं महिला आई। धुला राम 10वीं बार दूल्हा बना। लेकिन 10वीं पत्नी की किस्मत में कुछ और ही लिखा था।
चावल-तेल चुराने पर मार डाला
इसी साल अप्रैल में धुला राम ने अपनी 10वीं पत्नी को मार डाला। पुलिस ने जांच की और जो वजह सामने आई, उससे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। जानकारी के मुताबिक बगीचा के पंदरापथ गांव में यह घटना घटी। धुला राम और उसकी पत्नी एक शादी में गए थे। धुला राम को शक हुआ कि उसकी पत्नी ने शादी से चावल, खाना बनाने का तेल और एक साड़ी चुराई है। इस बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ती चली गई। मामला इतना बढ़ा कि गुस्से में उसने अपनी 10वीं पत्नी की हत्या ही कर दी। जानकारी के मुताबिक उसने पत्थर से उसका सिर कुचल दिया।
10वीं पत्नी के छोड़े जाने का था शक
यह भी बात सामने आई कि उसे शक था कि 10वीं पत्नी भी उसे छोड़कर चली जाएगी। चावल, तेल और कपड़े पत्नी के पास मिलने से उसका शक गहरा रहा था कि वो भी उसे छोड़कर जाने की फिराक में है। बस इसी बात पर उसने पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
जंगल से बदबू आने पर हुआ खुलासा
बाद में धुलाराम ने अपने गुनाह को छिपाने के लिए उसने जंगल में सूखी पत्तियों में लाश को छिपा दिया। करीब 4 दिनों तक लाश वहीं जंगल में ही सड़ती रही और बदबू आने लगी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
हर पत्नी के साथ की क्रूरता
हालांकि पुलिस को लाश मिल गई, जिसके बाद धुलाराम को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी पता चला कि धुलाराम का घरेलू हिंसा का पुराना रिकॉर्ड था। वो अपनी हर पत्नी के साथ क्रूरता को अपना अधिकार समझता था। पिछले एक दशक में जो भी महिला उसकी जिंदगी में आई, उसने सभी के साथ क्रूरता की। इसी वजह से कोई भी 6 महीने से ज्यादा नहीं टिक पाई।

Share This Article
Leave a comment