जबलपुर – मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के नव नियुक्त जूनियर इंजीनियरों के लिए राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई), बदरपुर नई दिल्ली में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल सुरक्षा को समर्पित शपथ ग्रहण सत्र आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रांसमिशन सिस्टम के आपरेशन एवं मेंटेनेंस , ग्रिड प्रबंधन, परियोजना क्रियान्वयन, नेतृत्व विकास, संचार कौशल, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा सहित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।इसी क्रम में आयोजित एक सत्र में देश के प्रख्यात पावर इंजीनियर एवं ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉ. राजेश अरोरा ने प्रशिक्षु अभियंताओं को एमपी ट्रांसको की जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के अनुरुप सुरक्षित कार्य संस्कृति के महत्व से अवगत कराया। तकनीकी दक्षता के साथ सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी डॉ. अरोरा ने कहा कि विद्युत क्षेत्र में तकनीकी दक्षता के साथ सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने एक्सट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों और ट्रांसमिशन लाइनों में कार्य करते समय सुरक्षा मानकों, निर्धारित प्रक्रियाओं एवं सर्वोत्तम कार्य पद्धतियों के पालन पर विशेष बल दिया।
सत्र के दौरान डॉ. अरोरा ने प्रशिक्षु अभियंताओं को कार्यस्थल सुरक्षा की शपथ दिलाई। अभियंताओं ने अपने सेवाकाल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सभी सुरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।विभिन्न विषयों में पारंगत हो रहे हैं एमपी ट्रांसको के नए इंजीनियर एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता मानव संसाधन एवं प्रशासन श्री धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 60 नव नियुक्त जूनियर इंजीनियरों के बैच के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें ट्रांसमिशन क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, आपरेशनल प्रक्रियाओं तथा पेशेवर दायित्वों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में कंपनी के ट्रांसमिशन सिस्टम के विश्वसनीय, कुशल एवं सुरक्षित संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
