जबलपुर शहर के भानतलैया स्थित नगर निगम के जोन क्रमांक-8 और 16 में आने वाले हितग्राहियों को समय पर उनकी समस्या का समाधान नही किया जा रहा है। इस कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई हितग्राहि अपनी बंद पेंशन चालू करवाने के लिये आये और कई मजदूरी कार्ड बनवाने, कई बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, कई आधार कार्ड में सुधार करवाने तो कई लोन के लिये आते है, लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही और अधिकांश समय सर्वर बंद रहने का बहाना बताने के कारण हितग्राहि जोन कार्यालय के चक्कर ही लगा रहे है। यहां बैठने के लिये कुर्सी या बेंच की कोई व्यवस्था नही होने के कारण बुजुर्गो को जमीन में ही बैठना पड रहा है साथ ही पेयजल की भी उचित व्यवस्था नही है। मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट के आधार पर जनहित में मामले पर संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्यपीठ भोपाल में प्रकरण पर सुनवाई करते हुये, आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की एकलपीठ ने प्रथम दृष्टया मानव अधिकारो के हनन का मामला मानकर, जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
