जबलपुर शहर के गोरखपुर क्षेत्र में गरीबी रेखा रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली लगभग 25 गरीब महिलाओं से पैसे लेकर फर्जी बीपीएल कार्ड बनाने का मामला सामने आया है। क्षेत्र की कई गरीब महिलाओं ने बीपीएल कार्ड बनवाने के लिये संबंधित गोरखपुर तहसील कार्यालय में संपर्क किया था। वहां पदस्थ एक महिला कर्मचारी द्वारा राशन कार्ड बनाने के लिए पीड़ित उन गरीब महिलाओं से अनावश्यक रूप से 10-10 हजार रूपये लेकर ठग लिये और उनके फर्जी राशन कार्ड बना दिये। फर्जी कार्ड के कारण गरीब महिलाओं को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही उन्हें कई शासकीय योजनाओं से वंचित भी होना पड़ रहा है। पीड़ित गरीब महिलाओ नें पुलिस मे शिकायत भी दर्ज करवाई किन्तु कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई | मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रिय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा नें बताया की मीडिया रिपोर्ट के आधार पर जनहित में मामले को स्वतः संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्य पीठ भोपाल में प्रकरण पर सुनवाई करते हुये, आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की एकलपीठ ने मानव अधिकारों के उल्लंघन का मामला मानकर, जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक सप्ताह में मांगा है।
