प्रदेश के इतिहास में पहली बार सबस्टेशन से जनरेटिंग यूनिट का हुआ सिंक्रोनाइजेशन 132 केवी सबस्टेशन गोपालगंज और पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न 

News Desk
5 Min Read

जबलपुर प्रदेश की विद्युत पारेषण प्रणाली की आपातकालीन तैयारियों और ग्रिड की पुनर्बहाली क्षमता का परीक्षण करने के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी सबस्टेशन गोपालगंज (सिवनी) टी बी सी बी एवं पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 के समन्वय से ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया। प्रदेश और एमपी ट्रांसको के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशन से जनरेटिंग यूनिट को नेशनल ग्रिड की फ्रीक्वेंसी के अनुरूप सिंक्रोनाइज किया गया। यह मध्यप्रदेश क्षेत्र में भी अपनी तरह का पहला प्रयोग है।ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने दी बधाई ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ब्लैक स्टार्ट मार्क ड्रिल के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी एवं मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा है कि ऊर्जा क्षेत्र में यह बड़ी उपलब्धि कार्मिकों की कर्मठता और समर्पण का परिणाम है।तकनीकी प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक परीक्षण एमपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता श्री राजेश गुप्ता ने बताया कि इस मॉकड्रिल के माध्यम से ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में ट्रांसमिशन सिस्टम की सुरक्षित एवं क्रमबद्ध तरीके से पुनर्बहाली की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। अभ्यास के दौरान ग्रिड आइलैंडिंग, सिंक्रोनाइजेशन तथा वोल्टेज एवं फ्रीक्वेंसी नियंत्रण से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। ऐसी रही प्रक्रिया उन्होंने बताया कि सामान्यतः ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल में जनरेटर छोर से ही सिस्टम को सिंक्रोनाइज कर संबंधित सबस्टेशन में विद्युत आपूर्ति बहाल की जाती है, लेकिन इस बार एमपी ट्रांसको ने सबस्टेशन छोर से ही जनरेटिंग यूनिट को सिंक्रोनाइज करने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की।इस प्रक्रिया के तहत पहले पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 को आइलैंडिंग किया गया। इसके बाद पूरी कार्ययोजना के अनुसार गोपालगंज सबस्टेशन में स्थापित बे कंट्रोल यूनिट के इंटरनल फीचर की सहायता से पेंच हाइडल यूनिट-2 की बस तक विद्युत आपूर्ति पहुंचाई गई। इसके पश्चात जनरेटिंग यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में सबस्टेशन स्तर से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने और जनरेटिंग यूनिट को सिंक्रोनाइज करने की तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन हुआ।क्या है ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल एक तकनीकी अभ्यास है, जिसमें यह परीक्षण किया जाता है कि यदि किसी कारणवश पूरा ग्रिड फेल हो जाए, तो बाहरी विद्युत आपूर्ति के बिना पावर हाउस को किस प्रकार चालू किया जा सकता है और चरणबद्ध तरीके से विद्युत प्रणाली को पुनः कैसे बहाल किया जा सकता है। इस अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में ग्रिड की पुनर्बहाली के लिए अपनाई जाने वाली तकनीकी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जांच होती है।वास्तविक परिस्थितियों में किया गया तकनीकी परीक्षण श्री गुप्ता ने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान 33 केवी के तीन फीडरों पर लगभग एक घंटे तक अस्थायी रूप से विद्युत व्यवधान रहा। इससे सिस्टम रिस्टोरेशन के विभिन्न चरणों का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया जा सका। पूरी प्रक्रिया के दौरान स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर, फील्ड स्टाफ और संबंधित कंट्रोल रूम के बीच समन्वय बनाए रखा गया। सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अभ्यास संपन्न किया गया एसएलडीसी ने तैयार की विस्तृत रणनीति एवं संचालन प्रक्रिया इस महत्वपूर्ण अभ्यास की संपूर्ण रणनीति, संचालन प्रक्रिया और सिंक्रोनाइजेशन प्रोटोकॉल एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर, जबलपुर के सहायक अभियंता श्री समीरन कुमार रॉय ने तैयार किए। कार्ययोजना में स्टार्ट-अप पावर स्थापित करने, विभिन्न चरणों में समन्वय सुनिश्चित करने तथा ग्रिड की आपातकालीन पुनर्बहाली क्षमता के परीक्षण से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाएं शामिल थीं।प्रस्तावित प्रक्रिया को एसएलडीसी के मुख्य अभियंता श्री राजेश गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री वी.के. अग्रवाल तथा परीक्षण एवं संचार सिवनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री निजाम सिंह लोधी की संयुक्त टीम ने अनुमोदित किया।इन अधिकारियों एवं अभियंताओं का रहा योगदान इस तकनीकी अभ्यास को संपन्न कराने में एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की कार्यपालन अभियंता श्रीमती सिंड्रेला फेलिक्स एवं सहायक अभियंता श्री समीरन कुमार रॉय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एमपी ट्रांसको की ओर से सहायक अभियंता (टेस्टिंग) श्री विशाल बालाधारे, सहायक अभियंता श्रीमती सीमा डोंगरे तथा कनिष्ठ अभियंता श्री सिद्धार्थ नंदागौली ने सहयोग दिया।पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से गोपालगंज के सहायक अभियंता श्री अंकित जैन तथा जनरेशन कंपनी की ओर से श्री अरुण मुंगोले ने भागीदारी की। अदाणी कंपनी की ओर से श्री आशीष डेहरिया एवं श्री मिथिलेश मालवीय ने भी इस अभ्यास में सहयोग प्रदान किया।

Share This Article