13वें राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र हॉट सूट मॉडल ने खींचा ध्यान, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी पूछ रहे ट्रांसमिशन सिस्टम से जुड़े सवाल*

News Desk
4 Min Read

जबलपुर। राज्य स्तरीय 13वें भोपाल विज्ञान मेले में मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) का स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। स्टॉल पर चालू ट्रांसमिशन लाइन के मेंटेनेंस के दौरान विशेष रूप से प्रशिक्षित लाइन स्टाफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले हॉट सूट पहने लाइन मेंटेनेंस कर्मी का मॉडल विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।विद्यार्थियों में ट्रांसमिशन सिस्टम को जानने की उत्सुकता भोपाल में 22 से 26 सितंबर तक आयोजित इस विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको के स्टॉल पर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मॉडल और तकनीकी व्यवस्थाओं को देखकर छात्र-छात्राएं ट्रांसमिशन लाइनों, सबस्टेशनों, विद्युत आपूर्ति के संचालन और आधुनिक तकनीकों से जुड़े अनेक सवाल पूछ रहे हैं। एमपी ट्रांसको के अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल भाषा में उत्तर दे रहे हैं तथा मॉडलों के माध्यम से उन्हें विद्युत ट्रांसमिशन तंत्र की कार्यप्रणाली समझा रहे हैं। संवाद के दौरान विद्यार्थी ट्रांसमिशन क्षेत्र में उपयोग की जा रही नई तकनीकों को लेकर विशेष रुचि दिखा रहे हैं।स्काडा, ओपीजीडब्ल्यू और रिमोट संचालन का प्रदर्शन एमपी ट्रांसको के कार्यपालक निदेशक श्री संदीप गायकवाड़ ने बताया कि स्टॉल पर एसएलडीसी एवं स्काडा डिस्प्ले, रिमोट वीडियो सर्विलांस प्रणाली, ओपीजीडब्ल्यू एवं ऑप्टिकल फाइबर संचार नेटवर्क, आयसोलेटर के रिमोट संचालन, ऑप्टिकल फाइबर के वर्किंग मॉडल, ऑनलाइन स्काडा, जीआईएस सबस्टेशन की ऑनलाइन कैमरा डिस्प्ले तथा फॉल्ट लोकेटर जैसी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया गया है। मल्टी-सर्किट ट्रांसमिशन लाइनों तथा सबस्टेशनों में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों के मॉडल भी यहां रखे गए हैं।एक ही स्टॉल पर ट्रांसमिशन नेटवर्क की तकनीकी झलक स्टॉल पर मचान (स्कैफोल्डिंग), आपातकालीन बहाली प्रणाली (ईआरएस), विभिन्न प्रकार के ट्रांसमिशन कंडक्टर, जीआईएस एवं एआईएस सबस्टेशन, पाइल फाउंडेशन और भूमिगत केबल प्रणाली के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से ट्रांसमिशन नेटवर्क के निर्माण, संचालन और रखरखाव से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं को समझाया जा रहा है।पोस्टर और ग्राफिक्स से दी जा रही तकनीकी जानकारी स्टॉल पर विभिन्न ग्राफिक्स, पोस्टर और अन्य जानकारीपरक प्रदर्शनों के माध्यम से एमपी ट्रांसको की गतिविधियों, विद्युत ट्रांसमिशन व्यवस्था और आधुनिक तकनीकी प्रणालियों से संबंधित जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है।एमपी ट्रांसको की टीम विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का कर रही समाधान विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता अतुल नाबर, रवि चौरसिया, रितेश जैन तथा सहायक अभियंता आशीष जैन सहित टीम के अन्य अधिकारी आगंतुकों, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को ट्रांसमिशन सिस्टम की जानकारी दे रहे हैं। विद्यार्थी स्टॉल पर प्रदर्शित विभिन्न मॉडलों और तकनीकों को लेकर सवाल पूछ रहे हैं, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल एवं तकनीकी रूप से समझने योग्य तरीके से उत्तर दिया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि इस विज्ञान मेले में एनटीपीसी, भारत पेट्रोलियम की मध्यप्रदेश इकाई सहित विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी भाग ले रहे हैं।

Share This Article