जबलपुर- जबलपुर के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं—डुमना एयरपोर्ट रोड के पूर्ण होने एवं तथा एम्पायर टॉकीज चौक से बिलहरी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य प्रारम्भ होने हेतु भारतीय सेना के मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वन्द्रा ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह से भेंट में विस्तार से हुई चर्चा के दौरान हुई रक्षा मंत्रालय से सकारात्मक सहयोग देने के साथ ही जल्द अनुमति मिलने हेतु आश्वास्त किया है।लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वन्द्रा ने गुरुवार को सिविल लाइन स्थित लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान जबलपुर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों सहित विशेष रूप से डुमना एयरपोर्ट रोड तथा एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।सेना की भूमि के कारण लंबित है अनुमति उल्लेखनीय है कि डुमना एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एयरपोर्ट रोड के निर्माण एवं उन्नयन का कार्य महत्वपूर्ण है। इसी प्रकार एम्पायर टॉकीज चौक से बिलहरी की ओर प्रस्तावित फ्लाईओवर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। दोनों परियोजनाओं के प्रस्तावित मार्ग के कुछ हिस्से सेना की भूमि से संबंधित होने के कारण निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा मंत्रालय की अनुमति आवश्यक है।लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मुलाकात के दौरान इन दोनों परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह करते हुए कहा कि रक्षा मंत्रालय की अनुमति मिलने से लंबे समय से प्रतीक्षित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा और जबलपुर की सड़क एवं एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण गति मिलेगी।इस पर लेफ्टिनेंट जनरल श्री वन्द्रा ने बताया कि उनकी ओर से इस संबंध में रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि मामले के शीघ्र निराकरण और आवश्यक अनुमति प्राप्त होने की पूरी संभावना है।सेना की भूमि पर वर्षों से रह रहे लोगों के मामले में भी चर्चा मुलाकात के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहर में सेना की ऐसी भूमि से जुड़े मामलों का विषय भी उठाया, जहां लोग लंबे समय से अपने मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए ऐसे मामलों में राहत की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया।
इस पर लेफ्टिनेंट जनरल श्री वन्द्रा ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़े मामलों में सेना का दृष्टिकोण हमेशा सकारात्मक रहा है और ऐसे मामलों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।हाफ मैराथन के लिए मंत्री को दिया आमंत्रण मुलाकात के दौरान आगामी अक्टूबर माह में जबलपुर में आयोजित होने वाली हाफ मैराथन के संबंध में भी चर्चा हुई। लेफ्टिनेंट जनरल श्री एच.एस. वन्द्रा ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।मंत्री राकेश सिंह ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन के स्तर पर तथा व्यक्तिगत रूप से जो भी आवश्यक सहयोग होगा, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।सेना और सैनिक देश के गौरव हैं इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि देश की सेना और हमारे सैनिक प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और गौरव का विषय हैं। सेना से जुड़े विषयों का महत्व केवल शासन-प्रशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए सम्मान और संवेदना से जुड़ा हुआ है।उन्होंने कहा कि जबलपुर के विकास तथा नागरिकों से जुड़े विभिन्न विषयों में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर किए गए सकारात्मक सहयोग के लिए वे भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।मुलाकात के दौरान जबलपुर के विकास, अधोसंरचना, यातायात व्यवस्था तथा सेना से संबंधित विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक चर्चा हुई।मंत्री श्री सिंह ने कहा रक्षा मंत्रालय से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति के साथ शीघ्र निर्माण प्रारम्भ होगा।
