जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के जबलपुर मुख्यालय स्थित प्लानिंग एवं डिजाइन विंग के इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता, अनुभव और सूझबूझ के परिणामस्वरूप इंदौर मेट्रो रेल परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है इंजीनियरों ने घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र में विभिन्न तकनीकी चुनौतियों का सामना करते हुए 220 केवी सबस्टेशन मांगलिया (इंदौर) में 200 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफार्मर तथा दो फीडरों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर उसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया।
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई-ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इंदौर जैसे व्यस्त एवं घनी आबादी वाले शहर में अतिरिक्त विद्युत पारेषण अधोसंरचना का विकास अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, लेकिन एमपी ट्रांसको के इंजीनियरों ने अपनी तकनीकी विशेषज्ञता से इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मेट्रो परियोजना की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के इंजीनियरों को बधाई देते हुए इसे उनकी उत्कृष्टता, समर्पण और तकनीकी क्षमता का प्रमाण बताया।तकनीकी कौशल से सबस्टेशन में निकाला उपयुक्त स्थान-एमपी ट्रांसको के विशेषज्ञ इंजीनियरों ने सीमित स्थान और जटिल तकनीकी परिस्थितियों के बीच 220 केवी सबस्टेशन मांगलिया में पावर ट्रांसफार्मर एवं दो फीडरों के लिए उपयुक्त स्थान का सफलतापूर्वक निर्धारण किया। इसके फलस्वरूप इंदौर शहर से खजराना मेट्रो स्टेशन तक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना संभव हो सका।
