अघोषित बिजली कटौती और गहराते जल संकट के खिलाफ कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस

News Desk
4 Min Read

जबलपुर- शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती और गहराते पेयजल संकट के विरोध में कांग्रेस ने रविवार शाम पूर्व पार्षद जितिन राज और शहर जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अनु तिवारी के नेतृत्व नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा की उपस्थिति में साईं बाबा मंदिर से दमोहनाका चौक तक मशाल जुलूस निकाला। पूर्व पार्षद जितिन राज और शहर जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अनु तिवारी ने कहा कि शहर के नागरिक इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि कई क्षेत्रों में लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। जबकि कई स्थानों पर गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे जलजनित और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसके बावजूद नगर निगम और संबंधित विभाग समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।जितिन राज और अनु तिवारी ने आरोप लगाया कि शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जर्जर बिजली पोल, वर्षों पुराने तार, क्षमता से अधिक भार झेल रहे ट्रांसफार्मर और लगातार हो रही ट्रिपिंग के कारण नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में मामूली फॉल्ट होने पर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, लेकिन बिजली विभाग समय पर सुधार कार्य नहीं कर पा रहा है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद लोगों को कई गुना अधिक और त्रुटिपूर्ण बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से परेशान हो रही है। शिकायतों के बावजूद विभाग समाधान के बजाय औपचारिकताएं निभाने में लगा हुआ है।कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। कई वार्डों में नियमित पानी नहीं मिल रहा, जबकि दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था भी बदहाल हो चुकी है। जर्जर नालियां और सीवर लाइनें हल्की बारिश में ही जवाब दे देती हैं, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है और नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद प्रशासन समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।पूर्व पार्षद जितिन राज और शहर जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अनु तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप देगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बिजली विभाग और नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा तथा धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन को तेज किया जाएगा। इस अवसर पर सक्षम गुलाटी, सचिन जैन, पार्षद हर्षित यादव, संजय उपाध्याय, रविंद्र गौतम, रामेश्वर गिरी, मेवालाल पटेल, अभिषेक यादव, गोपाल चौधरी, सोनू कुकरेले, राजा रैकवार, अमन अरबी, अभ्युत बाजपेयी, पिंटू चौधरी, मदन लारिया, रिंकू तिवारी, राज विश्वकर्मा, भानु यादव, निखिल जैन, रिंकू तिवारी, पप्पी सोनी, सोनू बाजपेयी, शैलेश राठौर, रोहित नेमा, नितिन सिंह, मिंटू चिरौलिया, अमर धर्मपुरिया, रघु चौधरी, अभिषेक रैकवार, समीर गढ़वाल, पंकज पटेल, आदेश चौबे, करन ठाकुर, अभिनव बाजपेयी, गोलू चौरसिया, मोनू खंडेलवाल, विनय डोलस, कैलाश सोनी, सागर भारद्वाज, अचलनाथ चौधरी, ललित चौधरी, आदि उपस्थित रहे !

Share This Article