जबलपुर। शहर के गोरा बाजार थाना अंतर्गत टेमर भीटा क्षेत्र में गत् दिनों दशहरा के बाद एक महाकाली प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में 11 के वी बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मृत्यु होने तथा 15 लोगों के झुलस जाने की बड़ी घटना सामने आई है। प्रतिमा के पीछे सजावट के लिये लगाये गये लोहे के पाइप में बंधा छत्र बिजली के करंट को आकर्षित कर लिया जिससे करंट वाहन से होते हुए गीली सड़क में फैल गया था। करंट की चपेट में आने से अखिलेश विश्वकर्मा (30) तथा निखिल पटेल (40) की मौके पर ही मृत्यु हो गई और अन्नू पटेल, माखन चौधरी, हर्ष पटेल, नीलेश सहित 15 अन्य लोग करंट से झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गये थे, जिन्हें उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दर्दनाक घटना से भगदड़ मच गई थी और क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। मप्र मानव अधिकार आयोग की क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के आधार पर मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की मुख्यपीठ भोपाल में प्रकरण पर सुनवाई करते हुए, सदस्य डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की एकलपीठ जनहित में मानव अधिकारों के हनन का मामला मानकर, जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।

