जबलपुर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस (टीएलएम) छिंदवाड़ा सब डिवीजन ने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के आधार पर प्रदेश के सभी 37 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस सब डिवीजनों में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया है। वर्ष 2025-26 के दौरान पारेषण लाइनों के रखरखाव, त्वरित दोष निराकरण, उच्च उपलब्धता, सुरक्षा मानकों के पालन तथा नवाचारपूर्ण कार्यप्रणाली के आधार पर छिंदवाड़ा सब डिवीजन को यह उपलब्धि प्राप्त हुई।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जबलपुर स्थित बिजली कंपनियों के मुख्यालय में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी, सेवानिवृत्त एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं पारेषण निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञ श्री स्वराज शर्मा तथा मुख्य अभियंता श्री डी.के. अग्रवाल ने ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस छिंदवाड़ा सब डिवीजन को उपविजेता ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।इन्होंने प्राप्त किया सम्मान ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस छिंदवाड़ा सब डिवीजन की ओर से सहायक अभियंता छिंदवाड़ा अमोल शेंडे ने यह सम्मान प्राप्त किया।
प्रबंध संचालक ने की सराहना इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने छिंदवाड़ा सब डिवीजन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, कार्यकुशलता तथा विद्युत पारेषण व्यवस्था को विश्वसनीय बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की।उल्लेखनीय उपलब्धि प्रदेश के 37 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस सब डिवीजनों के प्रदर्शन के मूल्यांकन में छिंदवाड़ा सब डिवीजन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि पारेषण प्रणाली के बेहतर रखरखाव, समयबद्ध मेंटेनेंस तथा आपूर्ति की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। एमपी ट्रांसको के छिंदवाड़ा क्षेत्र के लिए यह उपलब्धि तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यसंस्कृति का परिचायक है।
